जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुति

रामप्रवेश चौधरी ( संवाददाता )

सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर में जन्माष्टमी के अवसर पर हिंदू शास्त्रों के अनुसार प्रत्येक वर्ष भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाता है। विगत दो वर्षों से कोरोना महामारी के कारण सरकारी निर्देशानुसार सभी पर्व त्योहारों व भीड़ भाड़ वाले कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

फिलहाल स्थिति में सुधार होने पर राजगांगपुर की सुप्रसिद्ध संस्था रोशनी राॅक स्टार की ओर से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर इस बार जन्माष्टमी के दो दिन पूर्व रोशनी राॅक स्टार की संचालिका रोशनी शर्मा के नेतृत्व में रोशनी लिटिल राॅक स्टार के द्वारा राधा कृष्ण की वेशभूषा में कृष्ण लीला पर आधारित नृत्य गीत कार्यक्रम का आयोजन घर की छत पर बहुत ही सादगी पूर्ण माहौल में आयोजित किया गया।

इस मौके पर कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने राधा कृष्ण, माता यशोदा,बाबा नंद, बालकृष्ण व गोपी ग्वालों की वेशभूषा में कृष्ण लीला व कृष्ण के जीवन से संबंधित आकर्षक व मनमोहक नृत्य गीत से भरपूर झांकियां प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। इस कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य माखन चोरी पर आधारित नृत्य व गीत की प्रस्तुति मीथी, आशी, प्रसिद्धि,निपुन, वैभव, अनंत,घनू, बुलबुल, वैष्णवी, आंकाक्षा,अंश,ज्ञानू व समृद्धि द्वारा किया गया |