चार फरार अपराधियों के घर लगा पुलिस का नोटिस

चार फरार अपराधियों के घर लगा पुलिस का नोटिस

बंडामुंडा पुलिस द्वारा चार फरार अपराधियों के घर पर नोटिस चस्पा किया गया है। ये आरोपी तिलकनगर व बी-सेक्टर के रहने वाले है जिनके घरों में नोटिस चस्पा किया गया है। नोटिस के माध्यम से इन चारों आरोपियों को न्यायालय में हाजिर होने का आदेश दिया गया है। ये चारो मानत पर जेल से बाहर आने के बाद गायब हैं, इन चारों को नोटिस के माध्यम से बंंडामुंडा पुलिस ने अंतिम चेतावनी दी है। 
बंडामुंडा पुलिस ने मंगलवार को कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए तिलकानगर और बी-सेक्टर क्षेत्र में चार फरार आरोपियों के घरों पर चेतावनी वाली नोटिस चस्पा किया है। यह कार्रवाई उप निरिक्षक अर्जुन सेठी और अतिरिक्त उप निरिक्षक संगीता सामल की मौजूदगी में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार , ये चारों आरोपी पहले विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। जमानत पर रिहा होने के बाद उन्हें नियमित रूप से कोर्ट में उपस्थित होना था, लेकिन वे लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हुए और लगातार कानून की अवहेलना करते रहे।
स्थिति को गंभीर मानते हुए पुलिस ने उनके घरों पर नोटिस लगाकर स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे जल्द से जल्द राउरकेला कोर्ट में पेश हों। पुलिस ने यह भी चेताया है कि यदि आरोपी आदेश का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, जिसमें गिरफ्तारी भी शामिल हो सकती है, तुरंत शुरू की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में एक बार फिर यह संदेश गया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।