खेल में मिला महिला का अधजला शव

खेल में मिला महिला का अधजला शव

सेखवा गांव के खेत में महिला का जला हुआ शव मिलने से हड़कंप, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र के ग्राम सेखवा में सोमवार को खेत में एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण सुबह अपने खेतों की ओर गए थे, तभी उन्होंने खेत में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। शव पूरी तरह जली हुई अवस्था में था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतका के हाथों में छाले और चेहरे पर कालापन साफ दिखाई दे रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाकर खेत में फेंक दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर, इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे सेखवा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।