एनआईटी राउरकेला में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया
सतीश शर्मा (उप संपादक)
राउरकेला, 27 दिसंबर: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला में अत्याधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा 1,000 सीटों वाले ओपन-एयर थिएटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने तीन प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, टेनिस, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, स्क्वैश कोर्ट, जिमनैजियम, योग, नृत्य, संगीत एवं मनोरंजन कक्ष सहित बहुउद्देशीय सुविधाएँ उपलब्ध हैं। 6 करोड़ रुपये की लागत से बना ओपन-एयर थिएटर खेल, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि एनआईटी राउरकेला शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है तथा ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ सतत विकास, जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संरक्षण जैसे विषयों पर प्रभावी शोध कर रहा है।
इस अवसर पर ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष भबानी शंकर भोई, राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक, रघुनाथपाली विधायक दुर्गा चरण तांती तथा झारसुगुड़ा विधायक टंकधर त्रिपाठी उपस्थित थे।
एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने बताया कि एनआईआरएफ-2025 में संस्थान को सभी एनआईटी में दूसरा तथा देश में इंजीनियरिंग शिक्षा में 13वाँ स्थान प्राप्त हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने 91.18 करोड़ रुपये की लागत से सिविल इंजीनियरिंग विभाग भवन, 33.51 करोड़ रुपये के अतिथि गृह तथा 55.35 करोड़ रुपये की लागत से 500 क्षमता वाले छात्राओं के छात्रावास का शिलान्यास किया। उन्होंने निर्माणाधीन स्थायी केंद्रीय विद्यालय स्थल का भी निरीक्षण किया।
संस्थान ने आगामी वर्षों में 800 करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाओं की योजना तैयार की है, जिससे एनआईटी राउरकेला को शिक्षा और अनुसंधान का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी।





