आरजीएच के पंखे में लगी आग नहीं काम आया फायर सेफ्टी सिस्टम
राउरकेला के सरकारी अस्पताल(आर जी/एच) में गुरुवार रात एक बड़ी दुर्घटना टल गई। अस्पताल के एक वार्ड में लगे पंखे में अचानक आग लग जाने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धुएं के फैलने से मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। कई मरीज ऐसे भी थे जो चल-फिर नहीं सकते थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही अस्पताल कर्मी और मरीजों के परिजन तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
हालांकि, इस हादसे ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में फायर सेफ्टी सिस्टम या तो बंद था या पर्याप्त नहीं था। आग बुझाने के उपकरण भी तत्काल उपलब्ध नहीं थे।
सूत्रों के अनुसार, आग का कारण पंखे में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और फायर सेफ्टी इंतज़ामों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से अपील की है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, जिससे मरीजों की जान को खतरा न पहुंचे।





