आंगनबाड़ी केंद्रों के सुधार व पोषण प्रबंधन को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक

आंगनबाड़ी केंद्रों के सुधार व पोषण प्रबंधन को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक

धर्मेंद्र कुमार सिंह (रिपोर्टर)  

अयोध्या।जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में बाल विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।बैठक में सीडीओ ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को आगामी 15 दिनों में और बाला पेंटिंग के कार्यों को एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए।निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों, पेयजल, शौचालय और लर्निंग लैब से जुड़े लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा एवं सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में चयनित 119 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 28 अनारंभ केंद्रों पर भवन निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।
सीडीओ ने पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि 22 अप्रैल 2025 को दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो।
नान-कोलोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में खाना पकाने की स्थिति, गैस और बर्तनों की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई। गैस रिफिलिंग की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने और जिन केंद्रों पर 5 लीटर कुकर नहीं हैं वहां तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालयों या शासकीय भवनों में स्थानांतरित किया जाए, और नगरीय क्षेत्रों में जहां भूमि की कमी है, वहां उपयुक्त भवन चयन की प्रक्रिया शुरू की जाए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता ने जानकारी दी कि 42 विभागीय आंगनबाड़ी केंद्रों में से 37 केंद्रों की मरम्मत की निविदा प्रक्रिया 15 जुलाई 2025 तक पूरी कर ली जाएगी।
1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक चलने वाले ‘संभव अभियान’ की जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस अभियान में 0 से 6 माह के बच्चों, सैम (गंभीर कुपोषित) बच्चों, गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल की जाएगी। सभी जानकारी पोषण ट्रैकर व ई-कवच पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला पंचायतराज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे।