सुंदरगढ़ जिले की महिला फुटबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर व राज्य स्कूल दल में मनोनीत

सुंदरगढ़ जिले की महिला फुटबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर व राज्य स्कूल दल में मनोनीत

शतीस शर्मा (वरिष्ठ खेल पत्रकार) 

सुंदरगढ़ जिले की युवा महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और राज्य स्कूल दल में स्थान मिला है। जो जिले में महिला फुटबॉल की लोकप्रियता को दर्शाता है।
सुंदरगढ़ क्रीड़ा छात्रावास की  खिलाड़ी आकाशी नायक को 17 वर्ष आयु वर्ग के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में स्थान मिला है। पिछले तीन वर्ष से क्रीड़ा छात्रावास में प्रशिक्षण ले रही आकाशी नायक सुंदरगढ़ टाउन हाईस्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा है।  रक्षक पोजीशन पर खेलने वाली आकाशी नायक ओड़िशा से राष्ट्रीय शिविर में चुनी गई एकमात्र खिलाड़ी है। हाल ही में आंध्र प्रदेश में संपन्न हुई जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने उसे राष्ट्रीय शिविर के लिये मनोनीत किया है। 18 दिसंबर से बंगलुरू में शुरू हुए शिविर के बाद आगामी दक्षिण एशिया और एशिया कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए 17 वर्षीय भारतीय दल का चयन किया जायेगा। 
क्रीड़ा छात्रावास के प्रशिक्षक हृदय रंजन (टूना) सिंह ने आकाशी नायक को एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताते हुए आशा व्यक्त की है कि वह अपने कौशल के आधार पर उसके भारतीय दल में चुने जाने की प्रबल संभावना है।
इसके अलावा सुंदरगढ़ जिले की तीन महिला खिलाड़ियों को ओड़िशा स्कूल दल में स्थान मिला है। चुनी गई तीन लड़कियों में दो सुंदरगढ़ क्रीड़ा छात्रावास की तथा एक राउरकेला स्कूल की छात्रा है। सुंदरगढ़ टाउन हाईस्कूल की छात्राओं भारती किस्कू और पल्लवी तिर्की को दल में स्थान मिला है। इनके अलावा राउरकेला के एनएसी  सरकारी स्कूल, सेक्टर 21 की छात्रा तृप्ति गोछायत को राज्य स्कूल दल में मनोनीत किया गया है। ओड़िशा स्कूल दल रांची में चल रहे 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में भाग ले रहा है।