सड़क दुर्घटना में पति की मौत पत्नी गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने पति के शव को शव परीक्षण के लिए भेजा, और पत्नी को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।
सुंदरगढ़ जिला के बिसरा थाना क्षेत्र में आनेवाले झारबेडा़ के पास मोटरसाइकिल और बस में हुई भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल सवार पति पत्नी गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जिससे पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर हालात में अस्पताल में भर्ती है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंडामुंडा़ थाना क्षेत्र में आनेवाले दलपोष निवासी बिजय बेहरा अपनी पत्नी गायत्री बेहरा के साथ अपने बच्चे को मोहीपानी स्थित मोडल स्कूल में छोड़कर वापस आ रहे थे कि अपराह्न ढा़ई बजे के करीब राउरकेला से जरईकेला के बीच चलने वाली माँ गिरजा सवारी बस सवारी लेकर जरईकेला की ओर जा रही थी।

झरबेडा़ के पास बस और मोटरसाइकिल की आमने सामने टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बस के दाहिनी तरफ का हिस्सा (जहाँ मोटरसाइकिल टकराई थी ) दब गया है और आगे का काँच भी टूट गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक कृष्णा बेहरा की मौत हो गई और उनकी पत्नी गायत्री गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे बिसरा पुलिस की सहायता से अस्पताल में भर्ती किया गया है।






