संबलपुर विश्वविद्यालय अंतर विश्वविद्यालय हॉकी का विजेता बना

संबलपुर विश्वविद्यालय अंतर विश्वविद्यालय हॉकी का विजेता बना

सतीश शर्मा (उप संपादक)  

बिरसा मुंडा हाकी स्टेडियम में चल रही अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में आयोजक संबलपुर विश्वविद्यालय ने सिरमौर जीत लिया है। मंगलवार को स्थानीय बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेले गए अंतिम और निर्णायक मैच में आयोजक दल ने जालंधर की लवली प्रोफेशनल विश्व विद्यालय को 3-1 से हराकर ट्राफी पर कब्जा किया है। संबलपुर ने चौथी बार इस ट्राफी पर अधिकार किया है। इससे पहले वे 2009, 2012 और 2019 में चैंपियन हुए थे। 

आज के मैच को संबलपुर बिना किसी संघर्ष के साथ विजयी हुआ। 
संबलपुर की ओर से पहला गोल सातवें मिनट में आया जब दल को मिले एक पेनाल्टी स्ट्रोक को सुदीप मिंज ने गोल में तब्दील कर दिया।18वें मिनट में सुदीप ने ही  पेनाल्टी कार्नर पर दूसरा गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। खेल के अंतिम मिनट मोहन कृष्ण ने दल का तीसरा गोल किया। जालंधर की ओर से  सूरज ने 57वें मिनट में एक गोल किया।
संबलपुर के मोहन कृष्ण को मैच का श्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
तीसरे स्थान के लिये हुए मैच में बंगलुरू के जैन विश्वविद्यालय ने तमिलनाडु के एमएस विश्वविद्यालय को टाई ब्रेकर के जरिये 7-6 से हराया। यह मैच निर्धारित समय में 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ था। 
समापन समारोह में राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक मुख्य अतिथि थे। उनके साथ म्युनिसिपल कालेज के प्रिंसिपल हरिहर दाश, वरिष्ठ हॉकी कोच के सी चौधरी, राजू कांत सैनी, विश्वविद्यालय की ओर से आये पर्यवेक्षक प्रदीप खलखो, संबलपुर विश्व विद्यालय के डा.अविनाश कर, सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे।