संपत्ति के लिए नाना की हत्या करने वाले दोनों नाती कारावास में

• नाना की संपत्ति हथियाने के लिए दो सगे भाईयों ने मिलकर किये नाना की कुल्हाडी मारकर हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार।  • नाना से मिले मकान हथियाने झगड़ा मारपीट कर किये हत्या, खरसिया के ग्राम सोण्डका की घटना*…. • घटना के बाद मौके से फरार एक आरोपी रातभर छिपा रहा खेत पर, सुबह पुलिस ने धर दबोचा*…. • घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, डंडा, फावड़ा जप्त, हत्या और घर घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ करने के अलग-अलग अपराधों में भेजे गए जेल। 

संपत्ति के लिए नाना की हत्या करने वाले दोनों नाती कारावास में

सुमित जैसवाल (छत्तीसगढ़ प्रभारी) 

रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में आनेवाले सोण्डका ग्राम में मकान विवाद को लेकर गांव के 62 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति की दो सगे नातियो ने ही कुल्हाड़ी के वार से हत्या कर दी।
दोनों आरोपियों को खरसिया पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है । 

दोनो आरोपियों के विरूद्ध घटना के एक दिन पूर्व मृतक की बहू द्वारा  खरसिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके घर में घुसकर आरोपियों द्वारा मारपीट,व तोड़फोड़ की।
हत्या की सूचना पाकर तत्काल खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया ।अन्य एक आरोपी घटना के बाद से फरार था जिसकी गिरफ्तारी के लिये रात भर पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश देती रही, आज सुबह उसे भी गिरफ्तार किया गया ।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोण्डका ग्राम निवासी गेंदलाल डनसेना (62 साल) का गांव में पुस्तैनी जमीन, मकान है जो पिछले 15-20 वर्षों से खरसिया में अपने परिवार सहित रहता है, गांव के घर व जमीन की देखरेख उसका छोटा भाई राधे लाल डनसेना करता है और वहीं अपने परिवार सहित रहता है । काफी पहले गेंदलाल डनसेना की बहन श्रीमती ननकी बाई डनसेना अपने पति को छोड़कर मायके आने पर गेंदलाल उसे अपने घर का एक कमरा रहने के लिए दिया था, जहां ननकी बाई अपने दोनों नाती ओमप्रकाश डनसेना (24 साल) और कार्तिक डनेसना (19 साल) के साथ रहती थी । ननकी बाई को प्रधानमंत्री आवास का करीब डेढ लाख रूपये मिला था जिससे वह वहीं मकान बना रही थी । इस बात की जानकारी गेंदलाल डनसेना को होने पर उसने कहा कि बहन ननकी बाई को रहने के लिये स्थान दिया है उसके नाती अपनी व्यवस्था करें।प्रतिक्रिया में नाती ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनेसना का जबाब था कि हम लोग घर में रूपये खर्च किये हैं, हम लोग मकान नहीं छोड़ेगे।और यह कहकर झगड़ा करने लगा । 

25 दिसंबर को ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनेसना मिलकर राधेलाल डनसेना के घर घुसकर झगड़ा विवाद कर राधेलाल की पत्नी जगदम्बा डनसेना के साथ मारपीट करने के साथ घर में तोड़फोड़ किया । इस घटना के संबंध में श्रीमती जगदम्बा डनसेना ने खरसिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। आरोपी ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनेसना के विरूद्ध थाने में केश संख्या 681/2022 ,भा.दा.वि.की धारा 294,506,323,452,427,34 के तहत प्राथमिकी पंजीबद्ध कर खरसिया थाना से उप निरीक्षक नंद किशोर गौतम अपने साथी कर्मचारी के साथ सोण्डका ग्राम में आरोपियों की तलाश में पहुंचे,पर मौके से दोनों फरार थे । दिनांक 26.12.2022 को घरेलू विवाद के समाधान के लिए एक पारिवारिक बैठक किया गया, इस बैठक में गेंदलाल को भी बुलाया गया।
गेंदलाल अपनी पत्नी, बेटे और अन्य रिस्तेदारों के साथ गांव सोण्डका पहुंचा, जहां मकान जमीन विवाद को लेकर घर के लोग आपस में सलाह मशवरा कर रहे थे ।
ठीक उसी समय ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनेसना घर पहुंचे और अपने वृद्ध नाना गेंदलाल को गाली गलौज करने के साथ हत्या की नियत से फावड़ा, डंडा लेकर मारने दौड़ाये । गेंदलाल उनसे बचने के लिए कमरे के अंदर जा छिपा।इस पर दोनो मिलकर गैस सिलेंडर से दरवाजा को तोड़ कर दोनों कमरे के अंदर घुस गए और लोहे की टंगिया से गेंदलाल की हत्या कर दी । 
सूचना पाकर तत्काल खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची । मौके पर पुलिस ने कार्तिक डनसेना को हिरासत में ले लिया । 
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा, शवपरीक्षा आदि कार्रवाई कर मृतक गेंदलाल के बेटे छत्रपाल डनसेना की शिकायत पर आरोपियों के विरूद्ध अप.क्र. 684/2022,भा.द.वि. की धारा 302, 34 दर्ज कर विवेचना में लिया।

घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना द्वारा खरसिया थाना एवं खरसिया चौकी कर्मचारियों को सरगर्मी से आरोपियों की पतासाजी का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा तथा मंड़ल पुलिस अधिकारी निमिषा पाण्डेय के दिशा निर्देशन, मार्गदर्शन पर रातभर फरार आरोपी ओमप्रकाश डनसेना की पतासाजी की गई, सुबह मुखबिर द्वारा आरोपी को नावापारा रोड़ पर देखे जाने की सूचना पर आरोपी को तत्काल पुलिस दल अपने कब्जे में लेकर थाना आई । 
आरोपी ने रातभर खेत में छिपा होना और मकान विवाद को लेकर नाना गेंदलाल की हत्या करना कबूल किया है । 
आरोपी - ओम प्रकाश डनसेना उर्फ गोलू पिता तेरस डनसेना(24 साल)  कार्तिक डनसेना पिता तेरस डनसेना (19 साल) दोनों निवासी सोण्डका थाना खरसिया जिला रायगढ़ के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, डंडा, फावड़ा, गैस सिलेंडर  तथा आरोपियों के द्वारा घटना के समय पहने कपड़े  जप्त कर आरोपियों को अप.क्र. 681/2022 एवं 684/2022 में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आरोपी पतासाजी, गिरफ्तारी में थाना प्रभारी खरसिया उप  निरीक्षक नंद किशोर गौतम, चौकी प्रभारी खरसिया अमिताभ खांडेकर, सहायक उप  निरीक्षक लक्ष्मी राठौर, प्रधान आरक्षक शिव वर्मा, आरक्षक  विशोप सिंह, कीर्ति सिदार, योगेश साहू, सत्य नारायण सिदार, सोहन यादव की अहम भूमिका रही है ।