मां दुर्गा की विदाई पर भावुक हुए श्रद्धालु मनोरमा तट पर उमड़ा आस्था का जन सैलाब
नौ दिनों तक मां दुर्गा की विधि विधान से पूजा अर्चना और आराधना करने के बाद अब माता रानी की विदाई का सिलसिला शुरू हो गया है। मनोरमा तट पर आज आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली और डीजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर मनोरमा तट पर पहुंच रहे हैं। ढोल नगाड़ों, जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच मां की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।

नौ दिनों तक मां की भक्ति में लीन रहे श्रद्धालु जब नम आंखों से माता रानी को विदाई दे रहे हैं तो पूरा माहौल भावुक हो उठा है। *"अगले बरस तू जल्दी आ"* और *"जय माता दी"* के जयकारों के बीच श्रद्धालु मां से सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। विदाई की इस बेला में किसी की आंखें नम हैं तो कोई मां के दोबारा आगमन की आस लिए भावुक मन से उन्हें विदा कर रहा है। मनोरमा तट पर उमड़ रही यह भीड़ मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक बनी हुई है। मां की विदाई के साथ ही नवरात्रि की नौ दिवसीय पूजा अर्चना का समापन हो रहा है, लेकिन भक्तों के हृदय में माता रानी के प्रति श्रद्धा और भक्ति का उत्साह अभी भी देखने को मिल रहा है।
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आज मनोरमा घाट से लेकर गांव-गांव में हो रहे मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मनोरमा घाट पर किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह पूरे सर्किल में घूम-घूम कर विसर्जन स्थलों का जायजा ले रही हैं। सभी थाने सतर्क हैं ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण और जल्दी संपन्न हो सके।
हर्रैया में नगर पंचायत अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बड़ी पहल करते हुए घाट पर क्रेन की व्यवस्था कर रखी है, जिससे किसी भी श्रद्धालु को गहरे पानी में नदी के अंदर न जाना पड़े और विसर्जन सुरक्षित तरीके से हो सके।उधर बस्ती में ज्योति कलश यात्रा निकाली है जिसमें सिख समुदाय के साथ साथ हिन्दू युवा वाहिनी बस्ती जिसकी अगुवाई महामंत्री विनय सिंह, कन्हैया लाल जी, धर्मेन्द्र कुमार कन्नौजिया,अजय कन्नौजिया, दिनेश सिंह सहित तमाम श्रद्धालू एवं हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता कर रहें हैं।





