मनोरमा नदी में डूबने से युवक की मौत विसर्जन घाट पर सुरक्षा के दावे फेल
"गोताखोर का कहना है- घाट पर लाइट नहीं थी, 10 फीट पानी से निकाला गया शव; लेखपाल का कहना है- अफसरों को पहले ही दी गई थी सूचना।
दुबौलिया (बस्ती)। दुबौलिया थाना क्षेत्र के बरुआ बाबा अजगरा घाट पर मंगलवार देर शाम देवी दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के बाद बड़ा हादसा हो गया। मनोरमा नदी में स्नान के दौरान 30 वर्षीय युवक सुद्धू चौधरी की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि तिनपेड़िया सरवनपुर गांव से देवी दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए आयोजक अखिलेश चौधरी विसर्जन के लिए घाट पर पहुंचे थे। विसर्जन के बाद सुद्धू चौधरी, संजय चौधरी और अखिलेश चौधरी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान तेज बहाव में सुद्धू बह गए। थानाध्यक्ष जीवन तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घाट पर न लाइट, न बैरिकेडिंग- शव निकालने वाले गोताखोर राकेश निषाद, पारस निषाद और धर्मेंद्र ने बताया कि घाट पर रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं थी, फिसलन बहुत थी। नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव तेज था। युवक जहां डूबा वहां करीब 10 फीट गहरा पानी था।
स्थानीय निवासी बृजेश तिवारी ने इसे सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही बताया। उनका कहना है कि विसर्जन के लिए न तो लाइट लगाई गई, न बैरिकेडिंग की गई और ना ही भीड़ के मुताबिक पुलिस बल की उपस्थिति थी।
पुर्व सूचना दिए जाने के बाद भी बिसर्जन घाट पर जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। लेखपाल राहुल गोस्वामी ने स्वीकार किया कि उन्होंने घाट पर लाइट न होने की सूचना उच्च अधिकारियों को पहले ही दे दी थी। इस संबंध में एसडीएम हर्रैया से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका सीयूजी नंबर रिसीव नहीं हुआ। खंड विकास अधिकारी कप्तानगंज राकेश कुमार दीपक ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, एडीओ पंचायत से जानकारी ले रहे हैं। मंगलवार को उनकी ड्यूटी बस्ती में लगी थी।
दो दिन में मनोरमा नदी में डूबने से दूसरी मौत, जिम्मेदार कौन ?
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही हर्रैया बाजार क्षेत्र में भी मनोरमा नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। सवाल यह है कि जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बावजूद विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या इस मामले में जिम्मेदारी तय होगी?





