बीजद के छह विधायक निलंबित
सतीश शर्मा (उप संपादक)
भुवनेश्वर: ओडिशा में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीजू जनता दल (बीजेडी) ने शनिवार (21 मार्च) को अपने छह विधायकों को निलंबित कर दिया। बीजद की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी की अनुशासन समिति ने इन विधायकों को जारी किए गए कारण दर्शाओं नोटिस के जवाबों की जांच की।
विज्ञप्ति के अनुसार, इन छह विधायकों ने बीजेडी संविधान के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक बीजेडी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
पार्टी के बयान में कहा गया, “बीजेडी के मुख्य सचेतक द्वारा जारी शो-कॉज नोटिस के जवाबों की अनुशासन समिति द्वारा जांच तथा आज हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग सहित पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और बीजेडी संविधान के उस मूल सिद्धांत का उल्लंघन करने के कारण, जिसमें पार्टी के सामूहिक निर्णयों के प्रति पूर्ण निष्ठा अनिवार्य है, निम्नलिखित विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित किया जाता है।”
निलंबित किए गए विधायक हैं:
1. चक्रमणि कंहर (बालिगुड़ा)
2. नब किशोर मलिक (जयदेव)
3. सौविक बिस्वाल (चौद्वार-कटक)
4. सुभासिनी जेना (बस्ता)
5. रमाकांत भोई (तिरतोल)
6. देवी रंजन त्रिपाठी (बांकी)।
राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा से दो सीटें जीतीं, जबकि पार्टी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय भी निर्वाचित हुए।
वहीं बीजेडी उम्मीदवार संतृप्त मिश्र चुनाव जीतने में सफल रहे, जबकि बीजेडी,कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ((मार्क्स) के समर्थन प्राप्त उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को हार का सामना करना पड़ा।
बीजेडी नेताओं ने इस चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप भी लगाया है।





