प्रतिभाशाली तेज़ गेंदबाज़ गुंजन साहू

प्रतिभाशाली तेज़ गेंदबाज़ गुंजन साहू

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

राउरकेला 18 जनवरी: मात्र डेढ़ वर्ष पहले एक नौसिखिए के रूप में क्रिकेट सीखना शुरू करने वाले  गुंजन साहू ने इतने कम समय में एक राज्य दल तक का सफर तय कर लिया है। यह उसकी नैसर्गिक प्रतिभा का परिचय देने के लिए पर्याप्त है। 

दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ गुंजन साहू ने इसी क्रिकेट सत्र में क्लब और ज़िला स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद उसने राज्य अंडर-16 टीम में स्थान पाया और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन कर अपने चयन को पूरी तरह सही सिद्ध किया।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए गुंजन ने राजस्थान, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी और पंजाब के विरुद्ध चार मैचों में नौ विकेट लेकर चयनकर्ताओं का भरोसा सही सिद्ध किया।
पानपोष स्थित प्रगति स्पोर्टिंग क्लब में प्रशिक्षण ले रहे गुंजन के  कोच प्रशांत कायस्थ उसकी प्रगति से काफी खुश हैं। वे बताते हैं कि  गुंजन की मजबूत शारीरिक बनावट और ऊर्जा को देखते हुए उन्होंने उसे तेज़ गेंदबाज़ बनने के लिए प्रेरित किया। गुंजन ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उनके विश्वास को सही सिद्ध किया है। 
इंग्लैंड के दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ जेम्स एंडरसन और भारतीय स्टार मोहम्मद शमी को अपना आदर्श मानने वाला गुंजन प्रतिदिन अपने छोटे से क्लब मैदान में दो से तीन घंटे कठिन अभ्यास करता है।
अभ्यास के दौरान उसका पूरा ध्यान गेंद की गति बढ़ाने के साथ-साथ नियंत्रण, सही लेंथ और सटीक लाइन पर रहता है। यह क्रिकेट के प्रति उसकी गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दांडियापाली निवासी रंजन कुमार साहू के पुत्र गुंजन दसवीं कक्षा का छात्र है। वह अब क्रिकेट को ही अपना भविष्य बनाना चाहता है।
 कोच प्रशांत कायस्थ का मानना है कि गुंजन में भरपूर प्रतिभा है। वे कहते हैं, “उसका एक्शन स्वाभाविक है, उसमें अच्छी गति है और वह एक बेहतरीन फील्डर भी है। यदि वह इसी तरह अनुशासन के साथ मेहनत करता रहा, तो निश्चित रूप से वह आने वाले समय में ऊँचे स्तर तक पहुँचेगा।”