पांचवे दिन पुलिस के हथ्ते चढा हत्यारा

 पांचवे दिन पुलिस के हथ्ते चढा हत्यारा

सफाईकर्मी की बोरे में बंद मिली थी लाश, पांचवें दिन गिरफ्त में हत्यारा 
 मामले का पुलिस ने किया खुलासा, कुल्हाड़ी और बाइक बरामद

बस्ती में हर्रैया विकास खंड में तैनात सफाईकर्मी की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव बोरे में बंद कर नहर में फेंकने की सनसनीखेज वारदात का पांचवें दिन पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आरोपी को शनिवार को जमौलिया कट, NH-28 बस्ती-अयोध्या मार्ग से गिरफ्तार किया गया।13 अप्रैल की सुबह छावनी क्षेत्र के विठला पुर गांव के पास नहर के किनारे बोरे में एक लाश मिली थी। शिनाख्त थाना छावनी क्षेत्र के गांव अकला निवासी विनय वर्मा के रूप में हुई। मृतक हर्रैया विकास खंड में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था।

हत्या के बाद इलाके में कयासों का दौर शुरू हो गया था। बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के कड़े तेवर और सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह की निगरानी में थाना छावनी पुलिस, स्वाट टीम, एसओजी टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। शनिवार को पुलिस ने आरोपी संदीप वर्मा (22) पुत्र स्वर्गीय रामसुख वर्मा, निवासी ग्राम अकला डड़वापुर, थाना छावनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि मृतक विनय उसकी रिश्ते की बहन को परेशान करता था। इसी बात पर विवाद हुआ और संदीप ने कुल्हाड़ी से विनय की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक की मोटरसाइकिल और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष छावनी चंदन कुमार, सीनियर सब-इंस्पेक्टर सत्येंद्र यादव, उपनिरीक्षक सभाजित मिश्रा, सब-इंस्पेक्टर शोभा यादव, प्रभारी एसओजी विकास यादव और प्रभारी स्वाट टीम शेषनाथ यादव शामिल रहे।सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी।