जुएल ओराम के खिलाफ रचि गई है राजनीतिक षड़यंत्र-संदीप कुमार अग्रवाल
जुएल ओराम की छवि धूमिल करने का प्रयास राजनीतिक षड्यंत्र: संदीप कुमार अग्रवाल
राउरकेला। भारतीय जनता पार्टी के राज्य सोशल मीडिया कार्यकारिणी सदस्य संदीप कुमार अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री एवं सुंदरगढ़ के सांसद जुएल ओराम के समर्थन में बयान जारी करते हुए उनकी कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के प्रति व्यवहार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पिछले 15–20 वर्षों से वे जुएल ओराम के साथ कार्य कर रहे हैं और इस दौरान उन्होंने मंत्री के व्यवहार को करीब से देखा है। श्री ग्रवाल ने कहा कि जुएल ओराम का कार्यकर्ताओं के प्रति व्यवहार हमेशा सरल, सहज और आत्मीय रहा है। वे नए और पुराने सभी कार्यकर्ताओं को समान सम्मान देते हैं तथा संगठन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने दावा किया कि जुएल ओराम ने कभी जाति, धर्म, संप्रदाय अथवा क्षेत्र के आधार पर कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव नहीं किया। उनके अनुसार, मंत्री के लिए कार्यकर्ता की पहचान उसकी निष्ठा, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता से होती है।
संदीप कुमार अग्रवाल ने राउरकेला की सामाजिक संरचना का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में देश के विभिन्न राज्यों और समुदायों के लोग वर्षों से मिल-जुलकर रहते और अपना व्यवसाय करते आए हैं। उन्होंने राउरकेला को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति की मजबूत परंपरा वाला शहर बताया।
उन्होंने कहा कि राउरकेला एवं सुंदरगढ़ जिले के विकास तथा जनसेवा में जुएल ओराम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके अनुसार, जुएल ओराम पिछले कई दशकों से सुंदरगढ़ जिले की जनता की सेवा करते आ रहे हैं। हाल की घटना को लेकर श्री ग्रवाल ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक विरोधी सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों के जरिए जुएल ओराम की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल में दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए कुछ लोग भी इस तरह के प्रयासों में शामिल हैं। हालांकि, ये आरोप उनके व्यक्तिगत बयान के रूप में सामने आए हैं। श्री ग्रवाल ने कहा कि हालिया घटना को लेकर सुंदरगढ़ जिले के आम लोगों और भाजपा के पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं में रोष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जुएल ओराम के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जुएल ओराम चार दशकों से अधिक समय से सुंदरगढ़ जिले की जनता की सेवा, क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहे हैं और भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ जनसेवा जारी रखेंगे।
अंत में संदीप कुमार अग्रवाल ने भाजपा को परिवार और संस्कार से जोड़ते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी केवल एक पार्टी नहीं, एक परिवार है; यह केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है।” उन्होंने अपने बयान का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ किया।





