जंगली हाथी के साथ छेड़छाड़ करने और रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार
हाथी के साथ खतरनाक हरकत कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। केन्दुझर वन विभाग ने चंपुआ थाना क्षेत्र के गोधूली गांव निवासी गणेश नायक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक द्वारा हाथी को परेशान करने और उसके दांत छूते हुए बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग ने युवक को पहले भी कई बार चेतावनी दी थी कि वह जंगली हाथियों के करीब जाकर उन्हें न छेड़े और इस तरह के वीडियो न बनाए। इसके बावजूद वह लगातार चंपुआ, पाटणा और घटगांव रेंज क्षेत्रों में जाकर हाथियों के साथ जोखिम भरी हरकतें करता रहा तथा उनकी रील बनाकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करता था।
वन विभाग की बार-बार की चेतावनी की अनदेखी करना आखिरकार युवक को भारी पड़ गया। शुक्रवार को केन्दुझर वन विभाग की टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद वन विभाग ने आम लोगों से अपील करते हुए एक जागरूकता वीडियो भी जारी किया है। विभाग ने लोगों से जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा सोशल मीडिया के लिए किसी भी प्रकार की जोखिम भरी हरकत न करने की सलाह दी है।





