कैप्टन लक्ष्मी सहगल: आज़ाद हिंद फौज की वीरांगना
कैप्टन लक्ष्मी सहगल (24 अक्टूबर 1914 – 23 जुलाई 2012) भारत के स्वतंत्रता संग्राम की एक प्रमुख सेनानी, चिकित्सक और महिला सशक्तीकरण की प्रतीक थीं। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आज़ाद हिंद फौज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और महिलाओं को स्वतंत्रता संग्राम में सशस्त्र भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
जन्म: 24 अक्टूबर 1914, मद्रास (अब चेन्नई)।
मूल नाम: लक्ष्मी स्वामीनाथन।
पेशा: चिकित्सक एवं स्वतंत्रता सेनानी।
आजाद हिंद फौज: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज़ाद हिंद फौज में शामिल हुईं।
रानी झाँसी रेजिमेंट: महिलाओं की इस सैन्य टुकड़ी की कमान संभाली।
सम्मान: 1998 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया।
निधन: 23 जुलाई 2012 को कानपुर में।
इतिहास में उनका योगदान- द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान दक्षिण-पूर्व एशिया में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ने के बाद लक्ष्मी सहगल आज़ाद हिंद फौज का हिस्सा बनीं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने उन्हें महिलाओं की रानी झाँसी रेजिमेंट का नेतृत्व सौंपा। इस रेजिमेंट का नाम 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के सम्मान में रखा गया था। लक्ष्मी सहगल का योगदान केवल सैन्य भूमिका तक सीमित नहीं था। वह एक डॉक्टर के रूप में जरूरतमंद लोगों का इलाज करती रहीं। स्वतंत्रता के बाद भी उन्होंने सामाजिक न्याय, महिलाओं के अधिकारों और गरीबों के लिए चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में काम किया।
कैप्टन लक्ष्मी सहगल—जिन्होंने महिलाओं को हथियार उठाने का साहस दिया कैप्टन लक्ष्मी सहगल का जीवन इस बात का प्रमाण है कि देश की आजादी और समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका किसी भी मायने में कम नहीं रही। उन्होंने उस दौर में सैन्य नेतृत्व संभाला, जब महिलाओं को घर की चारदीवारी तक सीमित रखने की सोच समाज में गहरी थी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ मिलकर उन्होंने यह संदेश दिया कि स्वतंत्रता का संघर्ष केवल पुरुषों की जिम्मेदारी नहीं है। आज जब महिला सशक्तीकरण की बात होती है, तब लक्ष्मी सहगल का जीवन हमें याद दिलाता है कि वास्तविक सशक्तीकरण अवसर, नेतृत्व और समान अधिकार देने से आता है।
कैप्टन लक्ष्मी सहगल की जयंती 24 अक्टूबर को मनाई जाती है। उनकी जयंती पर उन्हें याद करना केवल इतिहास को नमन करना नहीं, बल्कि समानता, साहस और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।





