किसान की मेहनत की कमाई धोखे से हड़पने का आरोपी गिरफ्तार

किसान की मेहनत की कमाई धोखे से हड़पने का आरोपी गिरफ्तार
सुंदरगढ़ में किसान के आधार और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर धान बिक्री के पैसे हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार!! 
सुंदरगढ़: जिले के नुआगांव प्रखण्ड अंतर्गत हाथीबारी थाना क्षेत्र के गोलदारू गांव में एक किसान की मेहनत की कमाई के साथ धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने किसान के बैंक खाते की जानकारी और आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर सरकारी धान बिक्री के पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलदारू गांव के रहने वाले कृषक बिरसा मुंडा ने हाथीबारी थाना में दिनांक 02/09/2026 को एक प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्होंने गत 14 जनवरी 2026 को नुआगांव लैम्प्स में 55 क्विंटल 66 किलो धान बेचा था। पंजीकरण के समय उन्होंने अपना एसबीआई बैंक खाता नंबर (34349387046) दिया था, ताकि धान की बिक्री से मिलने वाली राशि सीधे उनके खाते में आ सके। धान बिक्री के एवज में मिलने वाले 1,72,483 रुपये तय समय पर खाते में न आने पर किसान ने बैंक जाकर पूछताछ की। बैंक में उन्हें पता चला कि सरकारी भुगतान उनके खाते में जमा ही नहीं हुआ है, जिसके बाद वे मदद के लिए हाथीबारी थाना पहुंचे।
हाथीबारी थाना प्रभारी गीतांजलि मिर्धा के दिशा-निर्देशन और मामले के जांच अधिकारी प्रफुल सेठी की जांच में एक चौंकाने वाला सच सामने आया। पुलिस जांच में पता चला कि ताइंदा गांव निवासी मनीष साहू (21) ने किसान बिरसा मुंडा की जानकारी और सहमति के बिना उनके [आधार कार्ड] और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया। आरोपी मनीष ने किसान के दस्तावेजों के सहारे एयरटेल पेमेंट्स बैंक में एक नया खाता खुलवाया और धान बिक्री के कुल 1,72,483 रुपये उस फर्जी तरीके से संचालित खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसमें से 11,475 रुपये निकाल भी लिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथीबारी थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। जांच अधिकारी प्रफुल सेठी ने बताया कि आरोपी मनीष साहू के खिलाफ दिनांक 02/09/2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और 336(2)(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेएमएफसी कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है, वहीं पुलिस प्रशासन की सतर्कता से आरोपी को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाए जाने की सराहना की जा रही है।