आधी रात को नहर में गिरकर युवक की मौत
सुशांत मलिक (संवाददाता)
सोमवार की सुबह उस वक्त गाँव में मातम पसर गया, जब मोटरसाइकिल समेत एक युवक के शव को ग्रामीणों ने नहर में तैरते हुए देखा। यह खबर गाँव में जंगल में लगी आग की तरह फैलते देर ना लगी।
प्राप्त सूचना के अनुसार कालाहांडी जिले के करलामुंडा प्रखंड के रेंगाली नहर में सोमवार तड़के सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में मोटरसाइकिल समेत एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर करलामुंडा पुलिस चौकी अधिकारी थबीर बरिहा और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बरामद किया। शव की पहचान करलामुंडा बस्ती निवासी राजा राम नियाल उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
राज नियाल रविवार शाम किसी काम से अगाधुपुर गाँव गए थे और रात में लौटते समय मोटरसाइकिल समेत नहर में गिरकर उनकी मौत हो गई।इसकी सूचना राज के रिश्तेदार शाला टुनु नंदा ने पुलिस को लिखित में दी है। इस बारे में पूछे जाने पर पुलिस चौकी अधिकारी थबीर बरिहा ने कहा कि शव परीक्षण की व्यवस्था कर दी गई है और मामले की जाँच की जा रही है। गौरतलब है कि राजा राम का घर कोकसरा प्रखंड के डुंगुरीगुड़ा गाँव में है, जबकि उनकी शादी 2015 में करलामुंडा में हुई थी और वे अपने दो छोटे बेटों और पत्नी के साथ वहीं रहकर सब्ज़ी बेचते का काम करते थे। स्वामी की मौत के बाद उनकी पत्नी रीना नियाल बेसहारा हो गई हैं। इसलिए ग्रामीणों ने सरकार से परिवार को सहायता देने की गुहार लगाई है।





