स्वतंत्रता कप फुटबॉल टूर्नामेंट
सतीश शर्मा (उप संपादक) राउरकेला, 17/8 /2026
स्पोर्ट्स क्लब, रेलवे कॉलोनी की ओर से शनिवार, 15 अगस्त को रेलवे कॉलोनी मैदान में एक दिवसीय स्वतंत्रता कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया। अंतिम मुकाबले में रेलवे कॉलोनी फुटबॉल क्लब (आरसीएफसी) और नेशनल क्लब आमने-सामने थे। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद मैच का फैसला टाई-ब्रेकर से हुआ। टाई-ब्रेकर में नेशनल क्लब ने 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
उल्लेखनीय है कि विजेता नेशनल क्लब और उपविजेता आरसीएफसी के सभी खिलाड़ी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित नि:शुल्क फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के प्रशिक्षु हैं। पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक, बीजद युवा अध्यक्ष पिंकू जायसवाल, क्लब अध्यक्ष रणजीत नायक, महासचिव डी.एन. मिस्त्री, मुख्य संरक्षक संजय बाबुता तथा आशीष कुमार साहा उपस्थित थे। इस अवसर पर खेल एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वर्गीय नकुल तांती को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विजेता नेशनल क्लब को 18,000 रुपये नकद एवं चैंपियन ट्रॉफी तथा उपविजेता आरसीएफसी को 15,000 रुपये नकद एवं रनर्स-अप ट्रॉफी प्रदान की गई। आरसीएफसी के बिसु थेबु किसान को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा उनकी टीम के राजकुमार कालू करवा को सर्वाधिक गोल स्कोरर का पुरस्कार दिया गया। वहीं नेशनल क्लब के गोलकीपर कुणाल को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार, नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।





