एनआईटी राउरकेला का सेमीकॉन इंडिया में स्वदेशी चिप डिजाइन प्रदर्शन  

एनआईटी राउरकेला का सेमीकॉन इंडिया में स्वदेशी चिप डिजाइन प्रदर्शन  

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला ने नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित सेमीकॉन इंडिया 2026 में ओडिशा की उभरती स्वदेशी सेमीकंडक्टर एवं चिप डिजाइन क्षमता को प्रदर्शित किया। 17 से 19 सितंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े संस्थाएं और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।   इस अवसर पर एनआईटी राउरकेला द्वारा डिजाइन की गई एक चिप को देश के 20 संस्थानों के योगदान से तैयार एक विशेष प्रतीक-चिह्न के हिस्से के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस प्रतीक-चिह्न को देश में उभर रही सेमीकंडक्टर प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करने वाले छात्र डिजाइनरों ने प्रधानमंत्री को प्रदान किया।  एनआईटी राउरकेला के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी (ईसीई) विभाग के पीएचडी शोधार्थी प्रदीप कुमार महंती भी उन छात्र डिजाइनरों में शामिल थे, जिन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री से संवाद किया।

प्रस्तुत को प्रदीप कुमार महंती ने प्रो. आयास कांत स्वाईं और प्रो. कमलकांत महापात्र के मार्गदर्शन में
एसकॅन एईएडी सिक्युरिटी चिप (सी2एस0091) (ASCON AEAD Security Chip (C2S0091)
 डिजाइन किया है। यह हल्का क्रिप्टोग्राफिक सुरक्षा चिप संसाधन-सीमित इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा एम्बेडेड सिस्टमों में सुरक्षित डेटा एन्क्रिप्शन और प्रमाणीकरण के लिए विकसित किया गया है।

यह चिप मैटि चिप टू स्टार्टअप कार्यक्रम  के तहत विकसित की गई। एनआईटी राउरकेला में सी2एस परियोजना का नेतृत्व प्रो. कमलकांत महापात्र और प्रो. . आयास कांत स्वाईं  कर रहे हैं। चिप का निर्माण सेमीकंडक्टर काम्प्लेक्स लिमिटेड,  मोहाली में किया गयाहै जो स्वदेशी चिप डिजाइन को वास्तविक सिलिकॉन में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
एनआईटी राउरकेला के अनुसार, सेमीकॉन इंडिया 2026 में यह उपलब्धि हासिल करने वाला ओडिशा का एकमात्र संस्थान एनआईटी राउरकेला है। संस्थान ने वर्ष 1999 से प्रो. कमलकांत महापात्र के मार्गदर्शन में ओडिशा में चिप डिजाइन और सेमीकंडक्टर मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में योगदान दिया है।
पिछले वर्षों में संस्थान ने कुशल सेमीकंडक्टर पेशेवर तैयार करने के साथ-साथ विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को चिप डिजाइन से लेकर फैब्रिकेशन तथा सिस्टम-स्तरीय अनुप्रयोगों तक कार्य करने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। एनआईटी राउरकेला ने सेमीकंडक्टर शिक्षा, अनुसंधान और स्वदेशी चिप विकास के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। संस्थान का लक्ष्य कुशल सेमीकंडक्टर पेशेवर तैयार करने, स्वदेशी चिप विकास को बढ़ावा देने तथा चिप को समाज और राष्ट्र की आवश्यकताओं के अनुरूप स्मार्ट सिस्टम में बदलने की क्षमता विकसित कर ओडिशा के सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है।